राज्य-राजधानी
प्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार, ओपी राजभर, दारा सिंह चौहान सहित इतने मंत्रियों ने ली शपथ
लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उत्तर प्रदेश में योगी सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार हो गया। मंगलवार शाम को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने चार नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई। सभी को कैबिनेट का दर्जा दिया गया है। नए मंत्रियों में सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर, भाजपा एमएलसी दारा सिंह चौहान, साहिबाबाद से भाजपा विधायक सुनील शर्मा और रालोद के दलित चेहरे अनिल कुमार हैं।
नए बने चार मंत्रियों में से 3 दूसरे दलों से भाजपा में आए हैं। राजभर 9 महीने पहले सपा छोड़कर एनडीए गठबंधन में शामिल हुए थे। दारा सिंह चौहान भी सपा से भाजपा में आए हैं। एनडीए से गठबंधन के बाद रालोद विधायक अनिल कुमार को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। इसके अलावा, 2022 विधानसभा चुनाव में यूपी में सबसे ज्यादा वोट से जीतने वाले भाजपा विधायक सुनील शर्मा को भी जगह मिली है।
इस मौके पर सभी नये मंत्रियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर ट्वीट करते हुए लिखा, “उत्तर प्रदेश सरकार में आज मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी साथियों को हार्दिक बधाई! पूर्ण विश्वास है कि आप सभी ‘मोदी की गारंटी’ को धरातल पर उतारते हुए ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प की सिद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आप सभी के उज्ज्वल कार्यकाल के लिए मेरी मंगलमय शुभकामनाएं”!
ज्ञातव्य है कि, योगी कैबिनेट में कुल 52 मंत्री थे। अब यह संख्या बढ़कर 56 हो गई। सरकार में 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। ऐसे में अभी भी 4 मंत्रियों की जगह खाली है। नए मंत्रियों के बाद योगी सरकार में अब 22 कैबिनेट मंत्री, 14 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 20 राज्यमंत्री हैं। योगी सरकार में अब सामान्य वर्ग के 24, OBC वर्ग के 22 और SC-ST वर्ग के मंत्रियों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। 25 मार्च 2022 को योगी सरकार 2.0 का शपथ ग्रहण हुआ। SC-ST वर्ग के मंत्रियों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।