बड़ी खबरें
यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा का एडमिट कार्ड इस दिन होगा जारी
लखनऊ। यूपी पुलिस कांस्टेबल के 60244 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा की तारीखें आ चुकी हैं। यह परीक्षा 17 और 18 फरवरी को होनी है। परीक्षा का आयोजन दो पालियों में होगा। अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र का इंतजार कर रहे हैं। एडमिट कार्ड भी 10 फरवरी तक जारी हो सकता है। ऐसे में भर्ती परीक्षा की तैयारी के लिए उम्मीदवारों के पास सीमित समय ही बचा है।
आपको बता दें कि यूपी पुलिस 60 हजार कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा 300 अंकों की होगी। इसमें सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, संख्यात्मक व मानसिक योग्यता, मानसिक अभिरुचि, बुद्धिलब्धि, तार्किक क्षमता के कुल 150 प्रश्न होंगे।

इससे पहले यूपी में साल 2018 में कांस्टेबल की भर्ती निकली थी। तब 49568 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा का आयोजन कराया गया था। उस भर्ती में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए कट ऑफ 185.34 अंक तक था। वहीं ओबीसी के लिए यह 172.32, एससी के लिए 145.39 और एसटी वर्ग के लिए 114.19 अंक कट ऑफ रहा था।साल 2018 की कांस्टेबल भर्ती के लिए तकरीबन 19 लाख 38 हजार 643 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। लेकिन इस बार करीब 50 लाख लोग भर्ती के लिए फॉर्म भर चुके हैं। ऐसे में निश्चित ही पदों के लिए कॉम्पटीशन बढ़ेगा और परीक्षा का कट ऑफ भी ज्यादा रहेगा।