Connect with us

वाराणसी

जनपद में लगा मेगा कोविड वैक्सीनेशन कैम्प

Published

on

Loading...
Loading...

मंत्री व विधायकों ने किया कैम्प का उद्‌घाटन

जिले के 67 कोविड टीकाकरण केंद्रों पर आयोजित हुए कैम्प

सभी को दी गयी निःशुल्क एहतियाती डोज

दूसरी डोज के छह माह पूरा करने वालों ने लगवाया एहतियाती डोज

       वाराणसी। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत कोविड टीके की मुफ्त एहतियाती (प्रीकॉशन) डोज को लेकर चलाये जा रहे अभियान के बीच रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने जनपद में ‘मेगा कोविड वैक्सीनेशन कैम्प का आयोजन किया। जिले के 67 कोविड टीकाकरण केंद्रों पर ये कैम्प आयोजित हुए। प्रदेश सरकार के मंत्री व विधायकों ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कैम्प का उद्‌घाटन किया।
       श्रम एवं सेवायोजन, समन्वय विभाग मंत्री अनिल राजभर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नरपतपुर (चिरईगांव), प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने पं.दीन दयाल उपाध्याय चिकित्सालय पाण्डेयपुर में कैम्प का उद्‌घाटन किया, जबकि अजगरा के विधायक त्रिभुवन राम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चोलापुर, कैण्ट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने भेलुपुर स्थित स्वामी विवेकानंद मेमोरियल चिकित्सालय के अलावा अन्य स्थानों पर क्षेत्रीय विधायकों/ प्रतिनिधियों ने कैम्प का उद्‌घाटन किया। भाजपा के जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने पीएचसी काशी विद्यापीठ में एहतियाती डोज लगवाया। चोलापुर में आयोजित मुख्य समारोह में कैम्प का उद्‌धाटन क्षेत्रीय विधायक त्रिभुवन राम की मौजूदगी में भाजपा मण्डल अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह को एहतियाती डोज लगाकर किया गया। इस अवसर पर *विधायक त्रिभुुवन राम* ने कहा कि कोरोना अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। यह नये-नये रूपों में लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है, लिहजा हम सभी को इससे सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इसे ही ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रेरणा से पूरे देश में आज मेगा कोविड वैक्सीनेशन कैम्प का आयोजन किया जा रहा, जहां लोगों को निःशुल्क एहतियाती डोज लगायी जा रही है। प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सभी जिलों में इस मेगा कोविड वैक्सीनेशन कैम्प का आयोजन किया गया है। ऐसे सभी लोग जिन्हें दूसरी डोज लगे छह माह पूरे हो चुके हैं, उन्हें इस कैम्प का लाभ उठाना चाहिए और निःशुल्क एहतियाती डोज लगवानी चाहिए।
      समारोह में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ संदीप चौधरी ने बताया कि 15 जुलाई से 75 दिनों के लिए प्रदेश में 18 साल से अधिक उम्र के नागरिकों को निःशुल्क प्रीकॉशन डोज लगाया जा रहा है। इसी क्रम में शासन के निर्देश पर आज जनपद के जिला अस्पताल, हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित 67 कोविड टीकाकरण केंद्रों पर मेगा कैंप आयोजित किया गया है। इसमें 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोविड टीके की एहतियाती डोज लगाई जा रही है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) डॉ निकुंज कुमार वर्मा ने कहा कि कोविड संक्रमण से बचाव के लिए एहतियाती डोज लगवाना आवश्यक है। जिन्हें दूसरी डोज लगे छह माह पूरे हो चुके हैं वह इस मेगा कैंप का लाभ उठाकर एहतियाती डोज जरूर लगवा लें। उन्होंने कहा कि एहतियाती डोज लगवाने के लिए वॉक इन अप्वॉइंटमेंट यानि ऑफलाइन की सुविधा दी गई है। इसका सभी को लाभ उठाना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन डीएचईआईओ हरिवंश यादव ने किया। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चोलापुर के अधीक्षक डा. आरबी यादव, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी  डॉ. एके पांडे, बीपीएम प्रेरणा श्रीवास्तव, स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारियों के अलावा डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि वेद प्रकाश त्रिपाठी, तरूण पाण्डेय, यूनिसेफ के डा. शाहीद के साथ ही पूर्व जिला पंचायत सदस्य अखिलेश सिंह, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष चन्द्रशेखर सिंह समेत काफी संख्या में लोग मौजूद थे। कार्यक्रम के प्ररम्भ में विधायक त्रिभुवन राम ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्था पर संतोष जताया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page