गाजीपुर
नंदगंज-सौरम मार्ग गड्ढों में तब्दील, बच्चों से भरा टोटो पलटा, कई घायल
नंदगंज (गाजीपुर)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत नंदगंज बाजार के सौरम मोड़ से सबुआ तक बनी सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बने छोटे-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरने से हादसे का खतरा और बढ़ गया है।
गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे इसी मार्ग पर बच्चों को स्कूल लेकर जा रहा एक टोटो गड्ढे में फंसकर पलट गया। हादसे में कई बच्चे घायल हो गए और उनकी स्कूल ड्रेस भी खराब हो गई। गनीमत रही कि टोटो की रफ्तार कम थी, जिससे किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। वाहन पलटते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ टोटो को सीधा कराया।
यह मार्ग मुड़कटनी, सौरम, सबुआ समेत आसपास के कई गांवों को नंदगंज बाजार से जोड़ता है। ग्रामीण इसी रास्ते से रेलवे स्टेशन, बैंक, स्कूल, अस्पताल और बाजार आने-जाने के साथ गाजीपुर व वाराणसी की ओर आवागमन करते हैं। मार्ग पर आधा दर्जन से अधिक अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की बसें और अन्य वाहन भी प्रतिदिन गुजरते हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की बदहाली के बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल बसों के नियमित आवागमन के बावजूद सड़क के बड़े गड्ढों को भरने तक की व्यवस्था नहीं की गई।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क के गड्ढे अब सिर्फ आवागमन की समस्या नहीं, बल्कि हादसों का कारण बन रहे हैं। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। क्षेत्रीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और उसे गड्ढामुक्त करने की मांग की है।
