Uncategorized
भदोही में खाद की किल्लत नहीं, डीएपी समेत पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध : जिलाधिकारी
जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, निर्धारित कीमत पर ही खाद बेचने के निर्देश
भदोही। जिले में खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। डीएपी समेत सभी फास्फेटिक उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रत्येक किसान को उसकी जरूरत के अनुसार निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराई जाएगी। उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी ने बी-पैक्स गोपपुर, मेसर्स आईएफएफडीसी कृषक सेवा केंद्र सुंदरपुर तथा मेसर्स एग्रीजक्शन किसान सेवा केंद्र सारीपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद बी-पैक्स गोपपुर में रात आठ बजे से किसानों को डीएपी का वितरण कराया गया।
जिला कृषि अधिकारी के अनुसार वर्तमान में जनपद के सहकारी एवं निजी क्षेत्र में 6,255 मीट्रिक टन यूरिया, 1,658 मीट्रिक टन डीएपी और 1,131 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। इसके अलावा 21 नवंबर को इफको की 500 मीट्रिक टन डीएपी मीरजापुर रैक प्वाइंट से प्राप्त होने वाली है। इससे जिले में उर्वरकों की उपलब्धता और मजबूत होगी।
निरीक्षण के दौरान उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया गया कि डीएपी का वितरण फार्मर रजिस्ट्री एवं फसल की संस्तुति के आधार पर निर्धारित मूल्य पर ही किया जाए। किसानों से अधिक कीमत वसूलने या वितरण में अनियमितता बरतने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद की जमाखोरी और कालाबाजारी करने वाले विक्रेताओं को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश, 1985 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे खाद की उपलब्धता को लेकर घबराएं नहीं और अपनी आवश्यकता के अनुसार निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही उर्वरक खरीदें।
