भदोही
पुलिस लाइन में शुक्रवार परेड का निरीक्षण, एसपी ने जवानों को अनुशासन और सतर्कता का दिया संदेश
परेड की सलामी लेकर लगवाई दौड़, पीआरवी वाहनों और पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण
भदोही। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन ज्ञानपुर के परेड ग्राउंड में साप्ताहिक परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस कर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रहने के लिए दौड़ लगवाई गई तथा अनुशासन और एकरूपता बनाए रखने के उद्देश्य से टोलीवार ड्रिल कराई गई।
परेड निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस कर्मियों की वर्दी, अनुशासन एवं ड्रिल की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने ड्रिल को और बेहतर तरीके से कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पीआरवी वाहनों का निरीक्षण कर उनमें उपलब्ध आपातकालीन उपकरणों की कार्यक्षमता जांची। उन्होंने यूपी-112 के प्रभारी को निर्देशित किया कि पीआरवी वाहनों और उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही पुलिस कर्मियों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखते हुए आमजन की सुरक्षा एवं सेवा के लिए तत्पर रहने को कहा।
पुलिस लाइन निरीक्षण के दौरान क्वार्टर गार्ड, स्टोर, परिवहन शाखा सहित विभिन्न कार्यालयों एवं शाखाओं की साफ-सफाई और रखरखाव का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने तथा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने पुलिस कर्मियों को नियमित शारीरिक अभ्यास, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ पुलिसिंग करने पर जोर दिया।
