वाराणसी
परिश्रम और अनुशासन से ही मिलती है सफलता : जय प्रकाश दुबे
मां शारदा देवी महिला महाविद्यालय में फ्रेशर पार्टी का भव्य आयोजन
पिंडरा।
कैथौली स्थित मां शारदा देवी महिला महाविद्यालय में मंगलवार को फ्रेशर पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय विद्यालय के पूर्व प्रवक्ता जय प्रकाश दुबे ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, सकारात्मक सोच रखने तथा जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर मेहनत और अनुशासन से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
महाविद्यालय के संस्थापक विजयेंद्र नारायण सिंह ने छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि शिक्षा, संस्कार और आत्मविश्वास को जीवन का आधार बनाकर आगे बढ़ें तथा परिवार और समाज का गौरव बनें।
इस दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति कर वाहवाही लूटी।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष कौशलेन्द्र नारायण सिंह, संस्थापक विजयेंद्र नारायण सिंह एवं प्रबंधक राखी सिंह ने अंगवस्त्र और बुके भेंटकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या डॉ. भावना श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस दौरान जटाशंकर सिंह, मानसी पटेल, प्रीति, आशीष शुक्ला, चंद्रेश कुमार पटेल, दिवाकर पांडेय एवं अवधेश कुमार राय सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण और छात्राएं उपस्थित रहीं।
