जौनपुर
दिव्यांग बच्चों को मिली सहायक उपकरणों की सौगात, शिविर में चयनित बच्चों को बांटी गई ट्राई साइकिल और व्हीलचेयर
मछलीशहर। जौनपुर दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी दैनिक गतिविधियों को आसान बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को फौजदार इंटर कॉलेज के मैदान में उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सितंबर माह में आयोजित चिकित्सकीय जांच शिविर में चयनित बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए। उपकरण पाकर बच्चों और उनके अभिभावकों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी।
जानकारी के अनुसार, समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत सितंबर माह में बीआरसी परिसर में एलिम्को कानपुर की ओर से दिव्यांग बच्चों के लिए मेडिकल असेसमेंट कैंप लगाया गया था। इसमें 16 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों ने प्रतिभाग किया था। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्चों की जांच कर उनकी शारीरिक स्थिति और आवश्यकताओं के आधार पर उपकरणों के लिए चयन किया था।
जांच के बाद 50 बच्चों को कैलीपर, 49 को स्टिक, 33 को व्हीलचेयर, 30 को ट्राई साइकिल, 10 को सीपी चेयर, 22 को एमआर किट तथा 23 बच्चों को हियरिंग किट के लिए पात्र पाया गया था। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में चयनित बच्चों को ये उपकरण वितरित किए गए।
इन सहायक उपकरणों के मिलने से दिव्यांग बच्चों को आवागमन, सुनने और दैनिक जीवन के कार्यों में काफी सहूलियत मिलेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को उनकी जरूरत के अनुरूप संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
