जौनपुर
रिजर्व पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड, एएसपी सिटी ने परखा पुलिसकर्मियों का अनुशासन
जौनपुर। पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से फिट और ड्यूटी के प्रति अनुशासित बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड आयोजित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनन्त चन्द्रशेखर ने परेड की सलामी लेने के बाद जवानों के टर्नआउट और अनुशासन का निरीक्षण किया।
17 नवंबर को आयोजित परेड के दौरान एएसपी सिटी ने पुलिसकर्मियों की वर्दी, साफ-सफाई और व्यक्तिगत साज-सज्जा का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान निर्धारित वर्दी साफ-सुथरी और व्यवस्थित रखें। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन करने के लिए शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक रूप से स्वस्थ और सतर्क रहना भी जरूरी है।
उन्होंने जवानों को नियमित व्यायाम, शारीरिक प्रशिक्षण और ड्रिल को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। साथ ही परेड को अनुशासन, एकरूपता और टीम भावना मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
परेड के बाद एएसपी सिटी ने अर्दली रूम में विभागीय मामलों की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों के प्रकरणों की जानकारी लेते हुए उनके निस्तारण की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को विभागीय नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहने और विभागीय अनुशासन बनाए रखने की हिदायत भी दी।
