Connect with us

जौनपुर

जौनपुर-शाहगंज हाईवे की बदहाल स्थिति पर सीडीओ सख्त, जल्द निर्माण शुरू कराने के निर्देश

Published

on

Loading...
Loading...

सड़क की गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा, रोड कटिंग के बाद मरम्मत न होने पर जल निगम के अधिकारियों को लगाई फटकार

जौनपुर। जौनपुर-शाहगंज राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाल स्थिति और निर्माण कार्य में हो रही लापरवाही को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने हाईवे का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क की गुणवत्ता और मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। जगह-जगह सड़क क्षतिग्रस्त मिलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सड़क की वर्तमान स्थिति और निर्माण कार्य से संबंधित प्रस्ताव की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी स्तर पर मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अच्छी और टिकाऊ सड़क का निर्माण जनता के हित में सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। बेहतर सड़क बनाने वाले अधिकारियों और विभागों को जनता हमेशा याद रखती है।

सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जौनपुर-शाहगंज मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव शासन से शीघ्र स्वीकृत कराया जाए, ताकि बिना अनावश्यक देरी के निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके। उन्होंने सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए इस मामले में तेजी से कार्रवाई करने पर जोर दिया।

Advertisement

इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत जल निगम (शहरी) द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई रोड कटिंग के बाद सड़क की मरम्मत की स्थिति भी जांची गई। स्थलीय निरीक्षण में कई स्थानों पर सड़क की मरम्मत का कार्य नहीं कराया जाना सामने आया। इस पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता को नियमानुसार कार्रवाई करने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत जल्द से जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के नाम पर सड़कों को क्षतिग्रस्त छोड़ना स्वीकार्य नहीं है। संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाएं और आम जनता को आवागमन में परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग, एनएच खंड वाराणसी के अधिशासी अभियंता, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page