जौनपुर
सिहीपुर में विवाहिता का फंदे से लटकता मिला शव, पांच वर्षीय बच्चे के सिर से उठा मां का साया
पति मजदूरी करने गया था बाहर, जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित; घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सिहीपुर में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के अंदर 25 वर्षीय विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पति भी वहां पहुंचा और महिला को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान झारखंड के रांची जनपद के लापुंग थाना क्षेत्र अंतर्गत डिंमबा गांव निवासी पतिभगत की पत्नी सुनीता देवी (25) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे घर के अंदर उसका शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकता दिखाई दिया। उस समय उसका पति मजदूरी के सिलसिले में वन विहार की तरफ गया हुआ था।
घटना की सूचना मिलने पर पति घर पहुंचा और सुनीता को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई।
विवाहिता की मौत की खबर फैलते ही इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। मृतका पांच वर्षीय बच्चे की मां थी। मां की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
