जौनपुर
शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, साढ़े चार घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
प्रेमी के शादी से इनकार करने पर उठाया कदम, टावर पर ही भरी मांग में सिंदूर; सुरक्षित नीचे उतरी युवती
जौनपुर। शादी को लेकर प्रेमी से चल रहे विवाद के बीच रविवार सुबह बारीगांव में एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी युवती को नीचे उतारने के लिए पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को करीब साढ़े चार घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार प्रेमी के टावर पर पहुंचकर उसकी मांग में सिंदूर भरने के बाद युवती नीचे उतरने को तैयार हुई।
जानकारी के अनुसार, कसेरवा बसेरवा गांव निवासी नेहा गौतम और अभिजीत गौतम के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि नेहा अभिजीत से शादी करना चाहती थी, लेकिन शादी की बात पर उसके पीछे हटने से नाराज होकर रविवार सुबह करीब छह बजे वह बारीगांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
खास बात यह रही कि टावर पर चढ़ने के बाद युवती ने खुद डायल 112 पर फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। उसका कहना था कि प्रेमी को मौके पर बुलाया जाए और उसी के हाथों शादी होने के बाद ही वह नीचे उतरेगी।
पुलिस ने अभिजीत को मौके पर बुलाया। उसने पहले नीचे से ही युवती को समझाने का प्रयास किया, फिर खुद टावर पर चढ़ा, लेकिन ऊंचाई देखकर घबरा गया। इस दौरान पुलिस, परिजनों और ग्रामीणों की ओर से लगातार मान-मनौव्वल का दौर चलता रहा।
करीब साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद अभिजीत दोबारा टावर पर चढ़ा। इसके बाद उसने नेहा की मांग में सिंदूर भर दिया। प्रेमी के इस कदम के बाद युवती नीचे उतर आई। उसके सुरक्षित नीचे आते ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर प्रतिक्रिया दी।
इसके बाद पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई, जहां आगे की आवश्यक कार्रवाई की गई। बताया जाता है कि नेहा महुआरी जरौटा गांव स्थित अपने ननिहाल में रह रही थी। शादी की जिद में युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ने और प्रेमी द्वारा सिंदूर भरने का यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
