जौनपुर
खेत की जुताई को लेकर दो पक्षों में विवाद, दंपति और दो बेटों पर हमला; सात के खिलाफ मुकदमा
तीन महिलाओं समेत सात लोगों पर मारपीट का आरोप, लाठी-डंडों के हमले में परिवार के सदस्य घायल
चंदवक (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के बीरीबारी सारेपुर गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर एक परिवार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। खेत की जुताई के दौरान शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि पट्टीदारों ने एक दंपति और उनके बेटों को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने तीन महिलाओं समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव निवासी शनि कुमार निषाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने खेत की जुताई करा रहा था। इसी दौरान उसके पट्टीदार मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मामला बढ़ गया और आरोपितों ने एकजुट होकर परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया।
शनि कुमार के मुताबिक, हरेराम निषाद, सतीश, अभिषेक, विवेक, रीता, उर्मिला और संजू ने मिलकर उसके पिता छोटेलाल, मां सविता और भाई सुनील की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। हमले में तीनों को चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर सातों नामजद आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
