मिर्ज़ापुर
मोबाइल दुकान में चोरी का पर्दाफाश, दो वांछित आरोपित गिरफ्तार
क्षेत्राधिकारी ने प्रेस कान्फ्रेंस कर दी जानकारी
20 डाटा केबल, ब्लूटूथ स्पीकर और मोबाइल सहित चोरी का सामान बरामद
(मीरजापुर) हलिया
गड़बड़ा धाम स्थित मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने शुक्रवार को पर्दाफाश कर दिया। सीओ लालगंज अमर बहादुर ने थाना हलिया में प्रेस कान्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित गड़बड़ा निवासी लाल कुमार उर्फ कोरे और एक बाल अपचारी को कोटार नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दुकान से चोरी किए गए 20 डाटा केबल, दो ब्लूटूथ स्पीकर, 18 फ्लिप कवर, दो की-पैड मोबाइल सहित अन्य सामान बरामद किया है। सीओ ने बताया कि इस घटना में शामिल दो अन्य आरोपितों को पुलिस पहले ही चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। शेष दोनों वांछित आरोपितों की तलाश की जा रही थी। गलरा गांव निवासी महबूब आलम ने गड़बड़ा धाम स्थित अपनी मोबाइल दुकान में चोरी होने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी थी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी गोविंद राम, एसआई विनोद यादव, हेड कांस्टेबल रमेश यादव, कांस्टेबल मनीष कुमार और विंध्येश्वरी शामिल रहे। इस दौरान थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे।
