भदोही
तीन फ्लैटों के ताले तोड़कर चोरी सोने-चांदी के जेवर और 40 हजार रुपए ले गए चोर, परिवारों के बाहर जाने पर वारदात
भदोही कोतवाली क्षेत्र के रजपुरा कॉलोनी फेज-3 में चोरों ने तीन फ्लैटों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और करीब 40 हजार रुपए चुरा लिए। मकान मालिकों और किराएदारों को घर लौटने पर चोरी का पता चला।
आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के लिलाई गांव की रीनू यादव पत्नी राजनारायण यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह करीब एक साल से परिवार के साथ मकान नंबर 168 में किराए पर रहती हैं। यह मकान सुनील कुमार यादव का है।
रीनू ने बताया कि 7 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे वह बच्चों के साथ घर पर ताला लगाकर आजमगढ़ स्थित अपने गांव गई थीं। 10 नवंबर को सुबह करीब 10:30 बजे लौटीं तो मुख्य गेट खुला था। कमरे का ताला टूटा था और सामान बिखरा पड़ा था।
चोर अलमारी तोड़कर दो सोने की चेन, तीन सोने की अंगूठियां, एक सोने की नथिया और करीब 30 हजार रुपए ले गए। रीनू के मुताबिक, सामने वाले फ्लैट में रहने वाले पुनीत कुमार उपाध्याय और ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाली पूजा सूद के घर का ताला भी टूटा मिला।
योगेश कुमार पांडेय ने बताया कि उनके फ्लैट से एक सोने की अंगूठी, एक चांदी की पायल और करीब 10 हजार रुपए चोरी हुए हैं। उन्होंने चोरी 8 या 9 नवंबर की रात होने की आशंका जताई है।
कोतवाली प्रभारी शैलेश कुमार राय ने बताया कि शुक्रवार सुबह केस दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
