गाजीपुर
गाजीपुर में 19 हजार नए वोटर आईडी कार्ड तैयार, डीएम ने युवाओं के घर पहुंचकर सौंपे पहचान पत्र
18 साल पूरे कर चुके युवा जल्द जुड़वाएं मतदाता सूची में नाम, नवंबर में चार दिन लगेंगे विशेष शिविर
गाजीपुर, 10 नवंबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में युवा मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर नए मतदाताओं के वोटर आईडी कार्ड बनाए जा रहे हैं।
अभियान के तहत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार को स्वयं वेदपुरवां निवासी 20 वर्षीय आयुष पुत्र शशिकांत, 21 वर्षीय सिमरन तथा शास्त्री नगर निवासी कार्तिक कुमार पुत्र चंद्र मोहन त्रिपाठी के घर पहुंचकर उन्हें वोटर आईडी कार्ड सौंपे। इस दौरान उन्होंने नए मतदाताओं को बधाई देते हुए मतदान के महत्व के बारे में बताया। डीएम ने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवाओं से आगामी चुनावों में मतदान करने और दूसरे युवाओं को भी जागरूक करने की अपील की।
जिले में बने करीब 19 हजार नए वोटर आईडी कार्ड
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद में लगभग 19 हजार नए ईपीआईसी (वोटर आईडी) कार्ड बनाए गए हैं। सभी संबंधित मतदाता अपने नजदीकी डाकघर से संपर्क कर अपना पहचान पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
21, 22, 28 और 29 नवंबर को लगेंगे विशेष शिविर
निर्वाचन आयोग ने दावे और आपत्तियां प्राप्त करने के लिए चार विशेष अभियान तिथियां निर्धारित की हैं। इनमें 21 नवंबर (शनिवार), 22 नवंबर (रविवार), 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) शामिल हैं। इन दिनों जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर आवश्यक कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी, जहां आवेदन फॉर्म भरने में सहायता मिलेगी।
मतदान केंद्रों पर निर्वाचक नामावली के साथ फॉर्म-6, 6ए, 7 और 8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे। इनके माध्यम से नए मतदाता नाम जुड़वाने, प्रविष्टियों में सुधार और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे।
18 वर्ष पूरे करने वाले युवा जरूर बनवाएं वोटर कार्ड
जिलाधिकारी ने अपील की कि जिन युवाओं ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। इसके लिए अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर सकते हैं या निर्धारित विशेष अभियान की तिथियों में मतदान केंद्र पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी की पहली सीढ़ी है। कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है।
