गाजीपुर
रेलवे की लापरवाही, हादसों को दावत दे रही स्टेशन बाजार क्रॉसिंग
पिचिंग नहीं होने से ट्रैक और गिट्टी के बीच फंस रहे वाहन, कई बार पलट चुके दोपहिया वाहन;
जमानिया (गाजीपुर)। स्टेशन बाजार स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रैक मरम्मत का कार्य पूरा होने के महीनों बाद भी पिचिंग नहीं कराए जाने से राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रेलवे विभाग की लापरवाही के चलते क्रॉसिंग से गुजरने वाले दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरम्मत के बाद सड़क और रेलवे ट्रैक के बीच गिट्टी तथा ऊबड़-खाबड़ हिस्से को व्यवस्थित नहीं किए जाने से यहां आवागमन जोखिम भरा हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे विभाग ने मशीनों से ट्रैक मरम्मत का कार्य तो करा दिया, लेकिन इसके बाद पिचिंग का काम अधूरा छोड़ दिया। नतीजा यह है कि ट्रैक और गिट्टी के बीच बने असमतल हिस्से में दोपहिया वाहन और टोटो के पहिए फंस जाते हैं। कई बार संतुलन बिगड़ने से दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं, जबकि तीनपहिया वाहन पलटने तक की नौबत आ जाती है। ऐसे में हर दिन इस क्रॉसिंग से गुजरने वाले लोगों को दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय निवासी दीनदयाल, मनीष, विक्की और मोहन ने बताया कि रेलवे विभाग द्वारा ट्रैक का काम कराने के बाद पिचिंग नहीं कराई गई। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। खासकर टोटो और छोटे वाहनों के चालकों को क्रॉसिंग पार करने में भारी दिक्कत होती है। लोगों ने कहा कि विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय तत्काल पिचिंग का कार्य पूरा कराए।
इस संबंध में रेलवे विभाग के महेंद्र कुमार ने बताया कि अगले सप्ताह पिचिंग का कार्य कराया जाएगा। अब देखना यह है कि रेलवे विभाग अपने आश्वासन के मुताबिक अगले सप्ताह कार्य पूरा कराता है या फिर यह समस्या एक बार फिर आश्वासनों तक ही सिमटकर रह जाती है।
