गोरखपुर
बेलघाट डाकघर में महीनों से सर्वर ठप, खाताधारक परेशान
जमा-निकासी के लिए लगा रहे चक्कर, खेती-किसानी के समय बढ़ी मुश्किलें
गोलाबाजार/बेलघाट (गोरखपुर), 27 अक्टूबर। बेलघाट स्थित भारतीय डाकघर में पिछले कई महीनों से सर्वर की समस्या के कारण खाताधारकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जमा-निकासी समेत अन्य लेनदेन प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ रहा है। इससे उनके जरूरी काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
बेलघाट निवासी एवं सराफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनोज कुमार वर्मा भी पिछले कई दिनों से लेनदेन के लिए डाकघर का चक्कर लगा रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि वे सुबह से ही अपने जरूरी काम निपटाने की उम्मीद लेकर डाकघर पहुंचते हैं, लेकिन सर्वर काम नहीं करने से निराश होकर लौटना पड़ता है।
खेती-किसानी के समय बढ़ी परेशानी
वर्तमान समय में खेती-किसानी से जुड़े कार्यों के लिए किसानों को खाद, बीज और अन्य जरूरतों के लिए पैसों की आवश्यकता होती है। ऐसे में डाकघर में लेनदेन नहीं होने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। अपने ही खाते से रुपये निकालने के लिए खाताधारकों को बार-बार चक्कर लगाना पड़ रहा है।
समस्या दूर कराने की मांग
स्थानीय उपभोक्ताओं ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से सर्वर की समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि डाकघर की तकनीकी व्यवस्था दुरुस्त कर जमा-निकासी सहित सभी सेवाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके। अब देखना है कि विभाग इस समस्या को दूर करने के लिए कब तक प्रभावी कदम उठाता है।
