गाजीपुर
670 ग्राम चरस के साथ एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
बरामद चरस की कीमत करीब ढाई लाख रुपये, खानपुर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया मुकदमा
खानपुर, गाजीपुर। खानपुर थाना पुलिस ने शुक्रवार को बेहलहरी मार्ग स्थित पुलिया के पास से 670 ग्राम चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं, पुलिस को चकमा देकर उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम बेहलहरी मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिया के पास दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ करने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा आसपास की सरपत की झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान बेहलहरी गांव निवासी अनिल कुमार (34), पुत्र स्वर्गीय सर्वजीत राम के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद झोले से पॉलीथिन में रखा 670 ग्राम चरस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 325/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी)(ii) में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस फरार व्यक्ति की तलाश कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुधीर कुमार राय, कांस्टेबल मनोज कुमार पटेल और कांस्टेबल प्रकाश नारायण शामिल रहे।
