Connect with us

गाजीपुर

मिशन शक्ति के तहत एक दिन की सांकेतिक प्रधानाध्यापिका बनीं आंचल

Published

on

Loading...
Loading...

कक्षा आठ की छात्रा ने संभाली विद्यालय की जिम्मेदारी, बच्चों को अनुशासन और स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

भीमापार-जयदेश। मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को सादात विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय जगदीशपुर में कक्षा आठ की छात्रा आंचल को सांकेतिक रूप से एक दिन की प्रधानाध्यापिका बनाया गया। इस पहल के माध्यम से छात्रा को विद्यालय की जिम्मेदारियों को समझने और अपनी नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

एक दिन की सांकेतिक प्रधानाध्यापिका के रूप में आंचल ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों को अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों से नियमित रूप से समय पर विद्यालय आने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ विद्यालय परिसर को भी साफ-सुथरा रखने की अपील की।

मध्याह्न भोजन के अवकाश से पहले आंचल ने स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता की जांच की। इसके बाद उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भोजन करने की अनुमति दी। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों को समझते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का प्रयास किया।

Advertisement

विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि एक दिन की सांकेतिक प्रधानाध्यापिका के रूप में आंचल ने विद्यालय के कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति के तहत इस प्रकार की गतिविधियों का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा उन्हें जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना है।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष बेचई राम, सहायक अध्यापक सतिराम राम, सोनू खरवार, जैनब रहमान, पूजा मिश्रा, अनीता यादव, रुखसाना, ऋचा मद्धेशिया, पूनम यादव और गीता देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page