Connect with us

गाजीपुर

धान के खेत में मिला 12 फीट लंबा विशालकाय अजगर, नीलगाय के बच्चे को निगला

Published

on

Loading...
Loading...

सैदपुर (गाजीपुर)। जयदेश। सैदपुर के समीप फुलवारी कला क्षेत्र के मढ़ैया गांव में गुरुवार को धान के खेत में करीब 12 फीट लंबा विशालकाय अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। अजगर को देखते ही खेत में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।

बताया गया कि अजगर मढ़ैया गांव निवासी बचाऊ यादव पुत्र ननकू यादव के धान के खेत में मिला। ग्रामीणों के अनुसार, अजगर ने नीलगाय के एक बच्चे को निगल लिया था। सूचना पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया।

रेस्क्यू के दौरान अजगर के पेट से नीलगाय के बच्चे को बाहर निकाला गया, जिसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद वन विभाग की टीम अजगर को अपने साथ ले गई। टीम के अनुसार, अजगर को सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा।

विशालकाय अजगर को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण मोबाइल फोन से उसकी तस्वीर और वीडियो बनाते नजर आए। अजगर को देखकर लोगों में कौतूहल के साथ दहशत का माहौल भी बना रहा।

Advertisement

वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page