गाजीपुर
कूड़े के अंबार पर प्रशासन सख्त, काशीराम आवास पहुंचीं एसडीएम
जमानियां, जयदेश। स्टेशन बाजार स्थित काशीराम आवासीय कॉलोनी में नगर पालिका द्वारा कूड़ा डंप किए जाने की शिकायत के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को उपजिलाधिकारी निधि ने मौके पर पहुंचकर कॉलोनी का निरीक्षण किया। जगह-जगह कूड़ा बिखरा मिलने पर उन्होंने नगर पालिका कर्मचारियों को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए, जिसके बाद सफाई कार्य शुरू करा दिया गया।

एसडीएम ने बताया कि मंगलवार को काशीराम कॉलोनी के कई निवासी तहसील मुख्यालय पहुंचे थे और तहसीलदार जितेंद्र कुमार को ज्ञापन देकर कॉलोनी के आसपास कूड़ा डंप किए जाने की शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर गुरुवार को मौके का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि जमा कूड़े की सफाई कराई जा रही है और कूड़ा डंप किए जाने के मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि अब काशीराम कॉलोनी में दोबारा कूड़ा नहीं गिराया जाएगा। इसके बावजूद यदि कूड़ा डंप किया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि कूड़ा डंप किए जाने से परेशान कॉलोनीवासियों ने मंगलवार को नगर पालिका की कूड़ा गाड़ी रोककर सड़क पर जाम लगा दिया था। इसके बाद तहसील मुख्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया था। बुधवार को तहसीलदार जितेंद्र कुमार ने राजस्व टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया था, जहां बड़ी मात्रा में कूड़ा डंप मिला था।
लगातार शिकायत और विरोध के बाद प्रशासन की कार्रवाई से कॉलोनीवासियों को गंदगी और दुर्गंध की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार जितेंद्र कुमार, अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार, नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार, कानूनगो शाहआलम सहित राजस्व टीम मौजूद रही।
