गोरखपुर
सरयू तट पर कूड़ा गिराने को लेकर लोगों में भारी आक्रोश
10 दिनों से नदी किनारे कूड़ा गिराने का आरोप, प्रदर्शन के बाद नगर पंचायत ने हटवाया कचरा
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला नगर पंचायत की ओर से सरयू नदी के तट पर कूड़ा गिराए जाने को लेकर नगरवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को वार्ड नंबर 18 और 5 के लोगों ने बिसरा मार्ग के पास नदी तट पर टनों कूड़ा गिराए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने लोगों को समझाया। इसके बाद नगर पंचायत के कर्मचारी और ठेकेदार मौके पर पहुंचे और कूड़ा हटाने का आश्वासन दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड नंबर 18 में बिसरा मार्ग के किनारे नदी पर बने ठोकर के पास करीब 10 दिनों से नगर से निकलने वाला विभिन्न प्रकार का कूड़ा वाहनों के माध्यम से लाकर गिराया जा रहा था। कूड़े के ढेर से दुर्गंध फैलने के साथ ही कई बार उसमें आग लगाए जाने से धुआं आसपास के इलाकों में फैल रहा था। लोगों का कहना है कि इससे बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। कूड़ा सड़क तक पहुंचने से आवागमन भी प्रभावित हो रहा था।
प्रदर्शन कर रहे विशुनधारी निषाद, विनोद, कृष्णा, शेरू, आदित्य, लालजी, हनुमान चौरसिया, अभिषेक चौरसिया और रामजी मौर्य समेत सैकड़ों लोगों ने आरोप लगाया कि इससे पहले इसी वार्ड के बरदसिया घाट पर भी कूड़ा गिराया जा रहा था। विरोध के बाद स्थान बदलकर बिसरा मार्ग के पास नदी तट पर कूड़ा गिराना शुरू कर दिया गया। लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत की ओर से अब तक स्थायी कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था नहीं हो सकी है।
विरोध की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और नगर पंचायत कर्मचारियों की मौजूदगी में प्रदर्शनकारियों से बातचीत कराई। नगर पंचायत के ठेकेदार विनोद वर्मा ने कूड़ा हटवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद जेसीबी से मार्ग पर पड़ा कूड़ा हटाया गया। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि कूड़े को नदी तट के पास ही गड्ढा खोदकर दबा दिया गया।
लोगों ने बताया कि अगिलगहवा में तैयार किया जा रहा कूड़ा निस्तारण केंद्र अभी पूरी तरह संचालित नहीं हो सका है। ऐसे में विरोध होने पर स्थान बदल दिया जाता है, लेकिन कूड़े का निस्तारण नदी किनारे ही किया जा रहा है।
गौरतलब है कि बीते शनिवार को तहसील दिवस में पहुंचे जिलाधिकारी दीपक मीणा ने भी नदी तट पर कूड़ा गिराए जाने को लेकर नगर पंचायत को एनजीटी के नियमों का पालन करने और नदी में कहीं भी कूड़ा न गिराने की सख्त हिदायत दी थी। इसके बावजूद नदी तट पर कूड़ा गिराए जाने को लेकर लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
इस संबंध में गोला के ईओ वैभव चौधरी ने बताया कि अगिलगहवा स्थित कूड़ा निस्तारण केंद्र में बारिश के कारण परेशानी हो रही है। मौसम ठीक होते ही पहले की तरह वहीं कूड़ा निस्तारण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
