गोरखपुर
आयुर्वेदिक चिकित्सालय के भवन निर्माण के लिए बीडीओ ने की पहल
उरुवा बीडीओ ने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी से की वार्ता, धुरियापार में भूमि उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन
गोलाबाजार (गोरखपुर)। विकासखंड उरुवा के राजस्व ग्राम कस्बा हसन में सामुदायिक भवन के दो छोटे कमरों में संचालित आयुर्वेदिक चिकित्सालय के लिए अब निजी भवन निर्माण की उम्मीद जगी है। खंड विकास अधिकारी उरुवा सत्य प्रकाश सिंह ने पहल करते हुए क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह से इस संबंध में वार्ता की है।
जनपद के दक्षिणांचल स्थित धुरियापार क्षेत्र को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिहाज से पिछड़ा क्षेत्र माना जाता है। क्षेत्रवासियों को आयुर्वेदिक उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई दशक पूर्व यहां आयुर्वेदिक चिकित्सालय की स्थापना की गई थी। यह चिकित्सालय लंबे समय तक किराए के भवन में संचालित होता रहा।
वर्ष 2018 में शासनादेश जारी होने के बाद किराए के भवनों में संचालित आयुर्वेदिक, यूनानी और होम्योपैथिक चिकित्सालयों को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू हुई। इसी क्रम में आयुर्वेदिक चिकित्सालय धुरियापार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा में स्थानांतरित करने की बात हुई, लेकिन वहां पर्याप्त जगह उपलब्ध न होने के कारण इसे तत्कालीन ग्राम पंचायत बनकट के राजस्व ग्राम कस्बा हसन स्थित सामुदायिक भवन के दो छोटे कमरों में स्थानांतरित कर दिया गया। तभी से चिकित्सालय वहीं संचालित हो रहा है।
बताया जाता है कि कस्बा हसन स्थित सामुदायिक भवन सुनसान स्थान पर है और जर्जर भी हो चुका है। यहां मरीजों और स्थानीय लोगों को पहुंचने में काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
धुरियापार निवासी सामाजिक कार्यकर्ता केशव तिवारी ने इस समस्या से बीडीओ सत्य प्रकाश सिंह को अवगत कराते हुए जनहित में धुरियापार में आयुर्वेदिक चिकित्सालय के भवन निर्माण की पहल करने का आग्रह किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ ने चिकित्सालय को ग्राम पंचायत धुरियापार के पंचायत भवन में स्थानांतरित करने की संभावना जताई और क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह से तत्काल फोन पर वार्ता की।
बीडीओ के अनुसार डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा है कि यदि ग्राम पंचायत धुरियापार में चिकित्सालय भवन के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध करा दी जाती है तो भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है। बीडीओ सत्य प्रकाश सिंह ने धुरियापार में चिकित्सालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
इस पहल से क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही उन्हें सुविधाजनक स्थान पर आयुर्वेदिक चिकित्सा की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
