प्रयागराज
रेल संपत्ति चोरी करते दो गिरफ्तार, ई-रिक्शा पर लदी जाली और पेंडाल क्लिप बरामद
रेलवे सुरक्षा बल ने 18,720 रुपये की रेल संपत्ति बरामद की, रेल संपत्ति अधिनियम में मुकदमा दर्ज
प्रयागराज। रेलवे सुरक्षा बल प्रयागराज रामबाग की टीम ने रेल संपत्ति चोरी के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से ई-रिक्शा पर लदी चार रेल प्रोटेक्टिव जाली और एक सफेद बोरी में रखी आठ पेंडाल क्लिप (ईआरसी) बरामद की गईं। बरामद रेल संपत्ति की कीमत करीब 18,720 रुपये बताई गई है।
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी-प्रयागराज रेलखंड पर वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त/वाराणसी के मार्गदर्शन और सुरक्षा आयुक्त/वाराणसी के निर्देशन में रेलवे सुरक्षा बल की ओर से आपराधिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर यादव के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा पर रेल सामग्री ले जा रहे दो लोगों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोनू पुत्र फूलचंद निवासी धर्मशाला, थाना झूंसी, प्रयागराज तथा राजू पुत्र अमृत लाल निवासी जद्दोपुर, मिर्जामुराद, वाराणसी के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ मु.अ.सं. 03/2026 के तहत धारा 3 रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की विवेचना उप निरीक्षक जितेन्द्र नाथ द्वारा की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर यादव, उप निरीक्षक राकेश चंद द्विवेदी, हेड कांस्टेबल सुमित कुमार खरवार, हेड कांस्टेबल देवानंद यादव और कांस्टेबल अजय यादव शामिल रहे।
