बलिया
आवारा कुत्तों के आतंक से सहमे नगरवासी, सड़कों पर चलना हुआ दूभर
हनुमान गढ़ी तिराहे से रेलवे स्टेशन तक आवारा पशुओं का जमावड़ा, कार्रवाई के अभाव पर उठे सवाल
बलिया। नगर क्षेत्र में छुट्टा कुत्तों और आवारा पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हनुमान गढ़ी तिराहा, विशुनीपुर चौराहा, जिला अस्पताल, रेलवे स्टेशन, गड़वार रोड, कलक्ट्रेट कालोनी और स्टेशन चौक रोड सहित प्रमुख इलाकों में पिछले करीब एक वर्ष से आवारा कुत्तों और पशुओं का जमावड़ा बना हुआ है। इससे स्थानीय निवासी, दुकानदार और राहगीर परेशान हैं।
दिन हो या रात, मुख्य सड़कों और दुकानों के आसपास कुत्तों के झुंड दिखाई देते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार रात के समय पैदल चलने वालों और छोटे बच्चों के पीछे कुत्ते दौड़ पड़ते हैं। अचानक कुत्तों के झुंड के सामने आने से कई बार बाइक सवार संतुलन खोकर गिर जाते हैं। वहीं सड़कों पर घूमते अन्य आवारा पशुओं के कारण भी दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और पैदल यात्रियों को उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। नगर क्षेत्र में आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या को लेकर नगर पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
नागरिकों ने मांग की है कि नगर पालिका प्रशासन अभियान चलाकर आवारा कुत्तों और पशुओं की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण करे। लोगों का कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
