Connect with us

गोरखपुर

डॉ. संजयन त्रिपाठी ने सपा प्रत्याशी के रूप में किया नामांकन

Published

on

Loading...
Loading...

भाजपा से बगावत के बाद सपा में शामिल होकर मिला टिकट, शिक्षकों के हित और पुरानी पेंशन बहाली को बताया प्राथमिकता

गोरखपुर। विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी ने अपने पूर्व घोषित प्रत्याशी कमलेश यादव की जगह भाजपा से आए डॉ. संजयन त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया है। पार्टी प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद डॉ. संजयन त्रिपाठी ने मंगलवार, 6 अक्टूबर को गोरखपुर स्थित कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर सपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। इससे पहले वह निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन कर चुके थे।

नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. संजयन त्रिपाठी ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद उनकी पहली प्राथमिकता शिक्षकों के हितों की रक्षा करना होगी। उन्होंने शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा पुरानी पेंशन व्यवस्था (OPS) बहाल कराने की दिशा में काम करने का भरोसा दिलाया।

भाजपा से जुड़े चुनावी समीकरणों पर प्रतिक्रिया देते हुए संजयन त्रिपाठी ने दावा किया कि शिक्षक उन्हें पहले ही नकार चुके हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में शिक्षक हित और उनके अधिकार प्रमुख मुद्दे होंगे।

बता दें कि भाजपा ने इस सीट से मौजूदा एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया था। टिकट नहीं मिलने के बाद डॉ. संजयन त्रिपाठी ने भाजपा से अलग होकर निर्दलीय नामांकन किया था। इसके बाद 3 अक्टूबर को उन्होंने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और पार्टी ने उन्हें गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट से अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया।

Advertisement

अब सपा प्रत्याशी के रूप में उनके नामांकन के बाद शिक्षक सीट का चुनावी मुकाबला और रोचक हो गया है। इस सीट के लिए 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना प्रस्तावित है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page