Connect with us

चन्दौली

मांगों को लेकर संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने बांह पर काली पट्टी बांध जताया विरोध

Published

on

Loading...
Loading...

कार्य करते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान समस्याओं की ओर खींचा, मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

नौगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ में तैनात संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि विरोध के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित नहीं होने दिया गया और अस्पताल में मरीजों के उपचार समेत अन्य स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं।

संविदा कर्मियों ने कहा कि लंबे समय से उनकी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। नियमित कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के बावजूद संविदा कर्मियों को कई स्तरों पर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

कर्मियों ने बताया कि अपनी मांगों के समर्थन में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जा रहा है। उनका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित करना नहीं, बल्कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी समस्याओं को अधिकारियों और शासन तक पहुंचाना है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन के निर्देश पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

विरोध प्रदर्शन में डा. अमित श्रीवास्तव, डा. नीरज, डा. गंगाराम, डा. सिद्धार्थ, डा. दिनेश कनौजिया, बीसीपीएम जयप्रकाश, स्टाफ नर्स स्नेहलता, बसंती यादव, कोमल गुप्ता, नेत्र सहायक श्यामनंदन सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी शामिल रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page