जौनपुर
मदरसा अब्बासिया में बच्चों को बांटे गए प्रमाणपत्र
दीनी तालीम पूरी करने वाले बच्चों को किया गया सम्मानित, शिक्षा के महत्व पर दिया जोर
जौनपुर (जयदेश)। नगर के बाजार भुआ-पान दरीबा रोड स्थित अकबर के इमामबाड़ा परिसर में संचालित मदरसा अब्बासिया में अल्पसंख्यक बच्चों के लिए प्रमाणपत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। दीनी तालीम पूरी करने वाले बच्चों को मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने प्रमाणपत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजीत प्रजापति ने बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने नियमित पढ़ाई करने और आगे की शिक्षा के लिए उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों को आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का मजबूत माध्यम है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने मदरसा अब्बासिया के प्रबंधक अकबर अली की सराहना करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराना समाज के लिए महत्वपूर्ण कार्य है। ऐसे प्रयासों से बच्चों को बेहतर भविष्य बनाने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम में पहुंचने पर मदरसे के बच्चों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्रमाणपत्र मिलने पर बच्चों में उत्साह देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य बच्चों की मेहनत को सम्मानित करने के साथ उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर जिला अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष सैयद मेराज हैदर, मौलाना बेलाल हसनैन, मदरसा प्रबंधक अकबर अली सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी और अन्य लोग मौजूद रहे।
