जौनपुर
तय तारीख से पहले प्रेमी युगल ने मंदिर में रचाई शादी
11 नवंबर को होनी थी शादी, मोबाइल पर बातचीत के बाद बढ़ी नजदीकियां; परिजनों की आपत्ति के बावजूद लिया फैसला
चंदवक, जौनपुर (जयदेश)। रिश्तेदारों की मौजूदगी और दोनों परिवारों की सहमति से तय हुई शादी की तारीख से पहले ही प्रेमी युगल ने मंदिर में विवाह कर लिया। रविवार को चंदवक स्थित गांधी पार्क के हनुमान मंदिर में दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और युवती की मांग में सिंदूर भरकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
जानकारी के अनुसार, रसड़ा गांव निवासी बेचन की पुत्री चंचल की शादी खुज्झी गांव निवासी वकील के पुत्र आकाश से तय हुई थी। दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से विवाह की तारीख 11 नवंबर निर्धारित की थी। परिवारों में शादी की तैयारियां चल रही थीं।
शादी तय होने के बाद चंचल और आकाश के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत होने लगी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और वे जल्द शादी करना चाहते थे। जब दोनों ने परिजनों से तत्काल विवाह करने की बात कही तो परिवार वालों ने निर्धारित तारीख नजदीक होने का हवाला देते हुए इंतजार करने को कहा।
हालांकि, दोनों अपने फैसले पर अड़े रहे। रविवार दोपहर वे चंदवक के गांधी पार्क स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे और एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर विवाह कर लिया। इसके बाद दोनों खुशी-खुशी अपने घर चले गए।
