जौनपुर
सखी वेलफेयर फाउंडेशन ने लगाया निःशुल्क चिकित्सा शिविर
सैकड़ों लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकों ने दी सलाह और निःशुल्क दवाएं
जौनपुर (जयदेश)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सखी वेलफेयर फाउंडेशन, जौनपुर की ओर से रविवार को रमानाथ महाविद्यालय, ईशापुर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों जरूरतमंद लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही उन्हें चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने शिविर की सराहना की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना जनसेवा की महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और जागरूकता की भावना को मजबूत करते हैं।
शिविर में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों डॉ. पवन चौरसिया (जनरल सर्जन), डॉ. विवेक श्रीवास्तव, डॉ. डीसी मौर्य (जनरल फिजिशियन), डॉ. रश्मि मौर्य, डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव, डॉ. रेनू मौर्य (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. राजेश मौर्य (दंत रोग विशेषज्ञ) को मुख्य अतिथि ने अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, उपाध्यक्ष अमित श्रीवास्तव, महामंत्री पीयूष गुप्ता, सहकार भारती के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रिंकू, महाविद्यालय के प्रबंधक अजय मौर्य, ओमित साहू, ओपी मौर्य, दिनेश गुप्ता, शुभम गुप्ता और वरिष्ठ पत्रकार विद्याधर राय विद्यार्थी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रीति गुप्ता ने शिविर की सफलता में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन महासचिव अर्चना सिंह ने किया। इस दौरान कार्यकारी अध्यक्ष तूलिका श्रीवास्तव सहित पिंकी जायसवाल, शकुंतला मौर्य, दिव्या साहू, सुजाता जायसवाल, संचिता बैंकर, संतोष गुप्ता और अंजु जायसवाल ने भी सेवा प्रदान की।
