बलिया
बिजली संकट और सरयू कटान पर विधायक सख्त
सीएम व मंत्रियों को लिखा पत्र
एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति बाधित होने का दावा, कटान प्रभावित गांवों में सुरक्षा कार्य शुरू कराने की मांग
सिकंदरपुर (बलिया), जयदेश। सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र में बदहाल बिजली आपूर्ति और सरयू नदी से हो रहे कटान को लेकर विधायक एवं पूर्व मंत्री मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी ने मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री और जलशक्ति मंत्री को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
ऊर्जा मंत्री को भेजे पत्र में विधायक ने बताया कि सिकंदरपुर और प्रसादपुर विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े गांवों में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति बाधित है। उनके अनुसार, क्षतिग्रस्त तारों और बिजली के खंभों की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिकंदरपुर उपकेंद्र में पिछले दो महीने से एसडीओ का पद भी रिक्त है। विधायक ने सिकंदरपुर, प्रसादपुर, गोरा मदनपुरा और रतसड़ सहित चार विद्युत उपकेंद्रों के लिए एसडीओ की तत्काल तैनाती तथा नियमित बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
वहीं, जलशक्ति मंत्री को लिखे पत्र में उन्होंने सरयू नदी के कटान से प्रभावित गांवों की समस्या उठाई। विधायक के मुताबिक, खरीद, पुरुषोत्तमपट्टी, जिंदापुर, निपनिया और बिजलीपुर गांवों में सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि नदी में समा चुकी है।
उन्होंने गोसाईंपुर से पिलुई तक बंधा निर्माण कराने तथा जीयू ट्यूब के माध्यम से पत्थर की जाली लगाकर कटानरोधी कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की है। विधायक ने संबंधित विभागों से दोनों समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
