आजमगढ़
आजमगढ़ के 110 कृषक उत्तराखंड में लेंगे उन्नत कृषि तकनीक का प्रशिक्षण
40 महिला कृषक भी दल में शामिल, 4 से 10 अक्टूबर तक विभिन्न कृषि संस्थानों का करेंगे भ्रमण
आजमगढ़, जयदेश। कृषि विभाग की ओर से संचालित सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजना के तहत जनपद के 110 प्रगतिशील कृषकों, पशुपालकों, मत्स्य पालकों, बकरी पालकों और कृषि आधारित उद्यमियों का दल उत्तराखंड भेजा गया है। इसमें 40 महिला कृषक भी शामिल हैं।
उप कृषि निदेशक सदानन्द चौधरी ने बताया कि भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान किसान गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, ऊधम सिंह नगर, सीमैप नगला और उत्तराखंड बीज विकास निगम, हल्दी सहित विभिन्न संस्थानों का भ्रमण करेंगे। यह कार्यक्रम 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी देना है, जिससे वे अपनी आय में वृद्धि कर सकें। साथ ही, प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले किसान अपने संपर्क में आने वाले अन्य कृषकों एवं कृषि उद्यमियों तक भी आधुनिक तकनीकों की जानकारी पहुंचा सकेंगे।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक सदानन्द चौधरी, विषय वस्तु विशेषज्ञ राजेश सिंह एवं राम निवास सिंह तथा आत्मा के प्रभारी उप परियोजना निदेशक डॉ. सीएल शर्मा उपस्थित रहे।
