चन्दौली
सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने और गंदगी फैलाने पर 32 लोगों पर कार्रवाई
चकरघट्टा पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान, राहगीरों का रास्ता रोकने और हुड़दंग करने वालों पर सख्ती
नौगढ़ (जयदेश)। चकरघट्टा थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर घूमने, राहगीरों का रास्ता रोकने और सड़क किनारे गंदगी फैलाने के आरोप में 32 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 292 के तहत कार्रवाई की है।
थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह के नेतृत्व में शनिवार देर शाम क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान तिवारीपुर बाजार से मझगाई मुख्य मार्ग और आसपास के इलाकों में जांच की गई। पुलिस के अनुसार, कई लोग सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर अनावश्यक रूप से घूमते मिले।
आरोप है कि नशे की हालत में कुछ लोग राहगीरों का रास्ता रोक रहे थे। इसके अलावा सड़क और उसके किनारे शराब की खाली बोतलें तथा नमकीन के पैकेट फेंककर गंदगी फैलाई जा रही थी, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही थी।
पुलिस ने विशेषरपुर निवासी अमरनाथ, रामकिशुन, वियार, ओमप्रकाश, मुन्ना बनवासी, आशीष पाल, शंभू गौड़ और छोटू समेत कुल 32 लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की। इनमें चकरघट्टा और नौगढ़ थाना क्षेत्रों के अलावा सोनभद्र व गाजीपुर के निवासी भी शामिल बताए गए हैं।
थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने, राहगीरों को परेशान करने और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
