मिर्ज़ापुर
राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत, कोटेदार को नोटिस
एसडीएम लालगंज ने मांगा स्पष्टीकरण, जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
हलिया, मीरजापुर। स्थानीय विकास खंड के चक कोटार गांव में राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत पर उप जिलाधिकारी लालगंज अजीत कुमार ने उचित दर विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र के कोटेदारों में हलचल है।
शिकायत पर हुई स्थलीय जांच
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी आजीविका महिला स्वयं सहायता समूह की प्रतिनिधि एवं उचित दर विक्रेता सुषमा मौर्या के खिलाफ राष्ट्रीय सूचना एवं मानवाधिकार मिशन के जिलाध्यक्ष प्रियम शुक्ला ने राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत की थी। शिकायत के बाद पूर्ति निरीक्षक हलिया ने मौके पर पहुंचकर लाभार्थियों के बयान दर्ज किए और स्थलीय जांच की।
जवाब के आधार पर होगी कार्रवाई
पूर्ति निरीक्षक की जांच रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम ने संबंधित कोटेदार को नोटिस जारी कर अपना पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों के अनुसार, स्पष्टीकरण मिलने के बाद जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
