मध्य प्रदेश
कागजों में पूरा, जमीन पर अधूरा सीसी रोड-नाली निर्माण का आरोप
दमोह। जनपद पंचायत पटेरा के अंतर्गत ग्राम पंचायत पटना कुम्हारी के ग्राम रसुईया में वर्ष 2019 में कराए गए सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने अनियमितता के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य अभिलेखों में पूर्ण दर्शाकर भुगतान कर दिया गया, जबकि मौके पर कार्य अधूरा दिखाई दे रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार हरिदास गड़रिया के घर से गोपाल विश्वकर्मा के घर तक तथा गोपाल विश्वकर्मा के घर से प्रधानमंत्री मुख्य सड़क मार्ग तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ था। आरोप है कि मौके पर सीसी रोड और नाली का निर्माण केवल हरिदास गड़रिया के घर से बल्ली बंसल के घर तक ही दिखाई देता है। इसके आगे स्वीकृत कार्य के अनुरूप निर्माण होने के प्रमाण ग्रामीणों को मौके पर नहीं मिल रहे हैं।
ग्रामीणों ने पूर्व सरपंच, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक और जनपद पंचायत के तत्कालीन सीईओ सहित संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कथित लापरवाही के चलते सरकारी राशि का भुगतान कर दिया गया।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने निर्माण स्थल का भौतिक सत्यापन कराने के साथ स्वीकृत कार्य, माप पुस्तिका, भुगतान संबंधी अभिलेख और मौके की वास्तविक स्थिति का मिलान कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जांच में अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि जनपद पंचायत क्षेत्र में पुराने निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण और अभिलेखों का भौतिक सत्यापन कराया जाए, ताकि अन्य पंचायतों में भी यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी जानकारी सामने आ सके।
फिलहाल ग्राम रसुईया में सीसी रोड एवं नाली निर्माण को लेकर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक जांच और संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
