मिर्ज़ापुर
निराश्रित पशुओं से फसलों को नुकसान, किसानों ने दी धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
मीरजापुर (राजगढ़)। राजगढ़ विकासखंड क्षेत्र में जगह-जगह घूम रहे निराश्रित पशुओं और गोवंश के झुंड से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। फसलों की हो रही क्षति से आक्रोशित किसानों ने ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। किसानों ने कहा कि यदि जल्द ही निराश्रित पशुओं को पकड़कर नजदीकी गोशालाओं में नहीं पहुंचाया गया तो वे जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट के सामने धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
किसानों का कहना है कि क्षेत्र के चट्टी-चौराहों और गांवों में निराश्रित पशु झुंड के रूप में घूम रहे हैं। पशु खेतों में पहुंचकर धान, सब्जियों सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। कई बार पशुओं के झुंड घंटों खेतों में रहकर फसल चर जाते हैं, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।
किसान शारदा, छोटेलाल, महेश, जगप्रकाश, मिश्रीलाल, अंकित, रमेश और ज्ञानचंद ने बताया कि निराश्रित पशुओं को पकड़कर गोशालाओं तक पहुंचाने के लिए ब्लॉक स्तर पर वाहन की व्यवस्था है। इसके बावजूद समस्या का प्रभावी समाधान नहीं हो पा रहा है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे ब्लॉक मुख्यालय से लेकर जिला मुख्यालय तक धरना-प्रदर्शन करेंगे।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र प्रताप वर्मा ने बताया कि निराश्रित पशुओं को पकड़कर नजदीकी गोशालाओं में पहुंचाने की कार्रवाई कराई जाएगी।
