Connect with us

मिर्ज़ापुर

शाकाहार-सदाचार और नशामुक्ति का संत पंकज जी महाराज ने दिया संदेश

Published

on

Loading...
Loading...

राजगढ़ (मीरजापुर)। परम संत बाबा जयगुरुदेव जी महाराज के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उनके उत्तराधिकारी संत पंकज जी महाराज शाकाहार-सदाचार, मद्यनिषेध एवं आध्यात्मिक वैचारिक जनजागरण यात्रा के 43वें पड़ाव पर गोल्हनपुर गांव स्थित सरदार पटेल स्टेडियम पहुंचे। यहां उपस्थित श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ यात्रा का स्वागत किया।

सत्संग समारोह को संबोधित करते हुए संत पंकज जी महाराज ने कहा कि पुण्य कर्मों के उदय होने पर मनुष्य को महात्माओं का सत्संग प्राप्त होता है। संत-महात्मा जाति-पाति से परे होते हैं और सभी को अपना मानते हैं। उनका उद्देश्य समाज में विचरण कर लोगों को आध्यात्मिक मार्ग के प्रति जागरूक करना है। संत गृहस्थ जीवन में रहते हुए भी प्रभु प्राप्ति का मार्ग बताते हैं।

उन्होंने कहा कि यह संसार नश्वर है। मनुष्य को अपने जीवन का समय व्यर्थ के कार्यों में गंवाने के बजाय जीविकोपार्जन के लिए आवश्यक कार्य करने चाहिए और शेष समय ईश्वर के सच्चे भजन में लगाना चाहिए। मानव जीवन को अनमोल बताते हुए उन्होंने लोगों से इसका सदुपयोग करने की अपील की।

भजन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए महाराज जी ने कहा कि भजन केवल बाहरी गाना-बजाना या गीत-संगीत नहीं है, बल्कि यह आंतरिक साधना का मार्ग है। संतों ने कलियुग में जीवों के कल्याण के लिए नाम योग का सरल मार्ग बताया है। उन्होंने परम संत बाबा जयगुरुदेव जी महाराज के संदेशों का उल्लेख करते हुए सुमिरन, ध्यान और भजन की विधि विस्तार से समझाई तथा श्रद्धालुओं से नियमित रूप से साधना करने का आह्वान किया।

महाराज जी ने शाकाहार अपनाने और नशे का त्याग करने की अपील करते हुए कहा कि युवा देश की धरोहर हैं। उन्हें गलत खानपान और नशे जैसी बुराइयों से बचाना सभी का कर्तव्य है। इससे स्वस्थ और सदाचारी समाज के निर्माण में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।

Advertisement

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, संगठन मंत्री एवं प्रवक्ता मोती लाल सिंह, सरजू मौर्य, मोतीलाल, गोपाल गुप्ता, राकेश कुमार गुप्त, मड़िहान विधानसभा क्षेत्र के विधायक रमा शंकर सिंह पटेल तथा शाहजहांपुर संगत के ओमवीर सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन में गोल्हनपुर ग्रामसभा के प्रधान इंश पटेल का विशेष सहयोग रहा।

सत्संग समारोह के बाद धर्म यात्रा अपने अगले पड़ाव रेक्सा गांव, विकासखंड पहाड़ी के लिए रवाना हो गई। आयोजकों के अनुसार, यहां अगले दिन सुबह 11 बजे से सत्संग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page