चन्दौली
पंचायत स्तर के भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाएगी आजाद अधिकार सेना
चंदौली। पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ आजाद अधिकार सेना जल्द अभियान शुरू करेगी। पार्टी की ओर से सड़क, नाली, भवन निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता की जानकारी जुटाकर संबंधित मामलों को अधिकारियों के समक्ष उठाने की बात कही गई है। यह जानकारी पार्टी के जिला प्रभारी एवं बिहार प्रदेश प्रभारी अजीत प्रताप सिंह ने दी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को लेकर पार्टी कार्यकर्ता जानकारी जुटाएंगे। जहां भी गड़बड़ी की शिकायत सामने आएगी, उसे संबंधित विभाग और अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा। इसके अलावा शिक्षा विभाग और विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार की शिकायतों को भी अभियान के माध्यम से उठाया जाएगा।
अजीत प्रताप सिंह ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के साथ व्यापारियों और किसानों की समस्याओं को भी पार्टी प्रमुखता से उठाएगी। किसानों की समस्याओं के समाधान और व्यापारियों की दिक्कतों को संबंधित स्तर पर रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी जनपद में संगठन को मजबूत करने में जुटी है। सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र से पत्रकार प्रशांत सिंह को पार्टी प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। वहीं, मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र से शिवशंकर अग्रहरि उर्फ पप्पू को प्रत्याशी बनाए जाने की जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि संगठन जनसमस्याओं को चुनावी मुद्दों के रूप में उठाकर जनता के बीच अपनी बात रखेगा।
