चन्दौली
गांधी और शास्त्री जयंती पर राष्ट्रनायकों को किया नमन
चकिया गांधी पार्क में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम, सत्य, अहिंसा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर दिया जोर
चकिया, चंदौली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को चकिया स्थित गांधी पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने दोनों महापुरुषों के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

गांधी जी के सत्य और अहिंसा के संदेश को किया याद
कार्यक्रम में वक्ताओं ने महात्मा गांधी के जीवन, सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा को अपने जीवन का आधार बनाकर देश को स्वतंत्रता की राह दिखाई। उनके सादगीपूर्ण जीवन और उच्च विचारों से आज भी समाज को प्रेरणा मिलती है।
शास्त्री जी की सादगी और कर्तव्यनिष्ठा को किया याद
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वे सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक थे। उनका नारा “जय जवान, जय किसान” देश के जवानों और किसानों के महत्व को रेखांकित करता है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ नेतृत्व का परिचय दिया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लिया संकल्प
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य और उपजिलाधिकारी विकास मित्तल ने लोगों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने समाज में स्वच्छता, भाईचारा, सत्य और राष्ट्रसेवा की भावना मजबूत करने पर जोर दिया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा, जिला कोषाध्यक्ष कैलाश जायसवाल, मंडल अध्यक्ष आशु गुप्ता, सुशील पाण्डेय, दिनेश कशौधन, सुरेश सोनकर सहित सभासद, नगर पंचायत कर्मचारी, स्थानीय नागरिक और गणमान्यजन उपस्थित रहे।
