Connect with us

चन्दौली

बीईओ पर भ्रष्टाचार और शिक्षकों के उत्पीड़न का आरोप

Published

on

Loading...
Loading...

बीएसए ने जारी किया कारण बताओ नोटिस, तीन दिन में साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण देने का निर्देश

नौगढ़, चंदौली। खंड शिक्षा अधिकारी नौगढ़ लालमणि कनौजिया पर बीआरसी के बजट में कथित गड़बड़ी, शिक्षकों से अवैध वसूली और उत्पीड़न सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में शिकायतकर्ता अजय और आनंद ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने बीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

बीआरसी के बजट में गड़बड़ी का आरोप

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बीआरसी के विभिन्न आयोजनों, शिक्षक प्रशिक्षण और रखरखाव के लिए शासन से मिलने वाली धनराशि में कथित तौर पर फर्जी बिल-बाउचर के माध्यम से अनियमितताएं की गई हैं। इसके अलावा शिक्षकों के एरियर, चिकित्सा अवकाश, कंपोजिट ग्रांट और अन्य कार्यों में वित्तीय नियमों के विपरीत कमीशन मांगने का भी आरोप लगाया गया है।

शिक्षकों से अवैध वसूली और उत्पीड़न की शिकायत

शिकायत में प्राथमिक विद्यालय चिकनी में तैनात एक शिक्षक को शिक्षण कार्य से दूर रखकर बीआरसी में बीईओ के निजी सचिव के रूप में कार्य कराने और उससे कथित रूप से अवैध वसूली कराए जाने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, अवैध वसूली का विरोध करने वाले शिक्षकों को निलंबन और वेतन रोकने की धमकी दी जाती है। कुछ शिक्षकों से कथित मासिक वसूली कर उन्हें लंबे समय तक कार्यस्थल से अनुपस्थित रहने की छूट देने तथा समायोजन के दौरान मनचाहे विद्यालय में तैनाती कराने की शिकायत भी की गई है।

तीन दिन में जवाब देने का निर्देश

कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, चंदौली की ओर से जारी पत्रांक 3959 के तहत बीईओ को तीन दिन के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर आरोपों पर तथ्यपरक एवं साक्ष्य सहित लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

Advertisement

शिक्षा व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कथित अनियमितताओं और उत्पीड़न से शिक्षक मानसिक एवं आर्थिक रूप से परेशान हैं। उनका दावा है कि इससे नौगढ़ के दूरस्थ और पिछड़े क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। फिलहाल लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और संबंधित अधिकारी के स्पष्टीकरण के बाद ही हो सकेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page