गाजीपुर
कार-बाइक की जोरदार टक्कर में युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
मुहम्मदाबाद, गाजीपुर। नगर क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बिजली घर के पास केनरा बैंक मोड़ पर बाइक और कार की जोरदार टक्कर हो गई। मृतक की पहचान यूसुफपुर के मंगल बाजार निवासी दोस्त मोहम्मद (35) के रूप में हुई है।
केनरा बैंक मोड़ पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दोस्त मोहम्मद अपनी टीवीएस रेडर बाइक से तिवारीपुर की ओर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान केनरा बैंक मोड़ के पास यूसुफपुर रेलवे स्टेशन की तरफ से आ रही टाटा अल्ट्रोज कार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि उनके सिर में गंभीर चोट आई।
अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अंडे की दुकान चलाते थे मृतक
बताया गया कि दोस्त मोहम्मद यूसुफपुर फाटक के पास अंडे की दुकान चलाते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घर पर रिश्तेदारों, स्थानीय व्यापारियों और परिचितों की भीड़ जुट गई।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
