वाराणसी
वीडीए की रिकॉर्ड कमाई, 11 माह में जुटाए 500 करोड़ रुपये
होटल योजनाओं से बढ़ेंगे 1900 कमरे, 22 आवासीय परियोजनाओं में बनेंगे 2283 घर
वाराणसी, जयदेश। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने नवंबर 2025 से सितंबर 2026 के बीच करीब 500 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है। इसे प्राधिकरण के इतिहास की अब तक की सर्वाधिक आय बताया जा रहा है। इससे पहले पूरे वर्ष में औसतन लगभग 120 करोड़ रुपये की आय होती थी। प्राधिकरण की आय बढ़ने में भवनों के नक्शे स्वीकृत करने, पुराने भवनों को नियमित करने और जमीन से जुड़े मामलों के निस्तारण की प्रमुख भूमिका रही।
इन 11 महीनों में कुल 1952 भवनों के नक्शे स्वीकृत किए गए। इनमें 879 नए भवनों के नक्शे और 1073 पुराने भवनों को नियमित करने के मामले शामिल हैं। प्राधिकरण के अनुसार, करीब 200 करोड़ रुपये सड़क, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर खर्च किए जाएंगे।
होटल और आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी
पर्यटन और कारोबार में बढ़ती गतिविधियों के बीच 39 होटल परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनके माध्यम से शहर में लगभग 1900 नए कमरे बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, 22 सामूहिक आवास योजनाओं में 2283 आवासीय इकाइयों का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त 93 भू-विन्यास योजनाओं को भी मंजूरी मिली है।
350 एकड़ में विकसित होगी नई टाउनशिप
वीडीए ने लगभग 350 एकड़ जमीन खरीदी है, जिसकी कीमत करीब 1200 करोड़ रुपये बताई गई है। इस भूमि पर नई टाउनशिप विकसित करने की योजना है। यहां आवास के साथ बाजार, विद्यालय, अस्पताल और मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने बताया कि वीडीए को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं पर अधिक खर्च किया जाएगा। उन्होंने बिना नक्शे के बने भवनों के मालिकों से नियमानुसार भवन नियमित कराने की अपील की।
