वाराणसी
वरुणा नदी किनारे मिले शव की हुई पहचान, आजमगढ़ का रहने वाला था युवक
नक्कीघाट में किराये के मकान में रहता था मृतक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
वाराणसी, जयदेश। जैतपुरा थाना क्षेत्र के ढेलवरिया बड़ी मंदिर के पीछे वरुणा नदी किनारे गुरुवार सुबह मिले करीब 32 वर्षीय युवक के शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान मोहम्मद अकलाख अहमद पुत्र मोहम्मद हनीफ, निवासी ग्राम इस्माइलपुर, पोस्ट कलिचाबाद, थाना देवगांव, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पहचान नहीं होने के कारण शव को शिवपुर स्थित शवगृह में रखवाया गया था।
चौकी प्रभारी संदीप सिंह के प्रयासों से मृतक की पहचान हो सकी। अकलाख राजमिस्त्री का काम करता था और नक्कीघाट में किराये का कमरा लेकर रहता था। बताया गया कि बाढ़ के दौरान उसका मकान पानी में डूब गया था, जिसके बाद वह कुछ दिनों से दूसरे मकान में रह रहा था।
परिजनों के अनुसार, मृतक की पत्नी का नाम मुस्कान चौरसिया है और उनका एक बेटा भी है। पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पत्नी अपने मायके आजमगढ़ में रह रही थी। अकलाख चार भाइयों में से एक था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, अकलाख अक्सर रात में नदी किनारे बैठा करता था। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
शव की पहचान होने के बाद परिजन वाराणसी पहुंच गए हैं। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
