Connect with us

भदोही

उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारियों की समस्याओं पर मंथन

Published

on

Loading...
Loading...

लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश, औद्योगिक निवेश और निर्यात को बढ़ावा देने पर जोर

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देशन में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी विजय नारायण सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उद्यमियों, निवेशकों, व्यापारियों और उद्योग-व्यापार प्रतिनिधियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि व्यापारियों, उद्यमियों और निवेशकों से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को सहयोगात्मक रवैया अपनाते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान करने को कहा, जिससे औद्योगिक गतिविधियों को गति और रोजगार के नए अवसर मिल सकें।

बिजली और सड़क से जुड़े मुद्दे उठे

बैठक में माधोसिंह-खमरिया-डेडवा मार्ग के सुदृढ़ीकरण, राजपुरा रिंग मार्केट में पार्किंग व्यवस्था, कारपेट सिटी में आवंटित प्लांट पर भवन निर्माण की कठिनाइयों समेत कई मुद्दे उठाए गए। विद्युत विभाग को शिकायतों का त्वरित समाधान और रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कारपेट उद्योग को बढ़ावा देने पर चर्चा

कारपेट बैंकिंग क्लस्टर, मॉडर्न डाइंग हाउस, ओडीओपी कॉमन फैसिलिटी सेंटर तथा कारपेट एक्सपो के संचालन पर भी चर्चा हुई। जनपद से निर्यात को बढ़ावा देने और निर्यातकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

Advertisement

ऋण प्रकरणों की रोजाना होगी निगरानी

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा करते हुए एडीएम ने एलडीएम को कम प्रगति वाले बैंकों की प्रतिदिन निगरानी करने और नियमित रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। सभी बैंक अधिकारियों से लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक ऋण प्रकरण स्वीकृत करने को कहा गया।

निवेश और निर्यात बढ़ाने पर जोर

बैठक में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, औद्योगिक निवेश के लिए लैंड बैंक डाटा, प्लग एंड प्ले पार्क, सिटी ऑफ एक्सपोर्ट एक्सीलेंस और डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट हब के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया गया। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने के भी निर्देश दिए गए।

मास्टर प्लान के अनुरूप हो विकास

अपर जिलाधिकारी ने निवेशकों के साथ मास्टर प्लान के अनुरूप विकास कार्य कराने पर जोर दिया। बीडा क्षेत्र के निवासियों से भवन निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृत कराने की अपील की गई। भूमि एवं राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में उपायुक्त उद्योग दयाशंकर, एलडीएम अमित कुमार, निर्यातक, व्यापारी, उद्यमी, निवेशक, विभिन्न विभागों के अधिकारी और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page