गाजीपुर
भांवरकोल में स्वास्थ्य मेले में 96 मरीजों की जांच
सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य मेला आयोजित, मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी बांटी गईं
भांवरकोल (गाजीपुर)। विकास खंड प्रांगण भांवरकोल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया।
स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. नीरज कुमार, डॉ. पूजा और डॉ. डेजी ने कुल 96 मरीजों की जांच की। जांच के बाद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर में मुख्य रूप से सर्दी, जुकाम, खांसी, कमर दर्द, आंखों से संबंधित समस्या, सनसनी, बदन दर्द और वायरल से पीड़ित मरीज पहुंचे। इसके अलावा बीपी और शुगर की भी जांच की गई।
विभिन्न विभागों में मिले 265 आवेदन
स्वास्थ्य मेले के साथ विभिन्न विभागों की ओर से भी लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई और आवेदन प्राप्त किए गए। कृषि विभाग के एडीओ अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि विभाग में कुल 18 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
आपूर्ति एवं सहकारिता विभाग के कोऑपरेटिव इंस्पेक्टर विनोद पासवान और पुरुषोत्तम प्रधान के अनुसार उनके विभाग में कुल 40 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि इन आवेदनों का निस्तारण अगले दिन सुबह तक किए जाने की बात कही गई।
विकास खंड अधिकारी (बीडीओ) प्रेमचंद ने बताया कि स्वास्थ्य मेले में सभी विभागों को मिलाकर कुल 265 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि यह स्वास्थ्य मेला आगामी दो दिनों तक लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे और ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं तथा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग किया।
