गाजीपुर
मिठाइयों पर नकली चांदी वर्क को लेकर संगठन ने उठाई आवाज
मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अपर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, जांच और कार्रवाई की मांग
गाजीपुर, 28 सितंबर। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री के आरोपों को लेकर सूर्योदय जन कल्याण संगठन ने सोमवार को जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। संगठन के अनुसार 10 सितंबर को भी जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर दोबारा शिकायत की गई। अपर जिलाधिकारी ने जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी को मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पूर्वांचल विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयप्रकाश ने आरोप लगाया कि जनपद में मिलावटी पनीर, सिंथेटिक खोया, मिलावटी तेल, मसाले और रंगयुक्त मिठाइयों की बिक्री की जा रही है। संगठन का दावा है कि प्रमुख बाजारों, मिठाई की दुकानों और पनीर-खोया मंडियों में पर्याप्त जांच नहीं की गई और नमूने भी नहीं लिए गए।
संगठन ने मिठाइयों के साथ डिब्बे का वजन कर ग्राहकों से मिठाई की दर पर डिब्बे का मूल्य वसूलने का भी आरोप लगाया। इसके अलावा मिठाइयों पर नकली चांदी के वर्क के नाम पर एल्यूमिनियम वर्क लगाए जाने का दावा करते हुए इसे स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक बताया गया।
सूर्योदय जन कल्याण के संयोजक सतीश राय ने कहा कि विभागीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से मिलावट करने वालों के हौसले बढ़ रहे हैं और आम लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। संगठन ने जिलाधिकारी से खाद्य सुरक्षा अधिकारी की कार्यप्रणाली की जांच कराने, जिलाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर बाजारों में छापेमारी कराने, संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
संगठन ने सही तरीके से कारोबार करने वाले दुकानदारों को प्रोत्साहित और पुरस्कृत करने की मांग भी रखी। विजय नारायण तिवारी ने चीनी पाउडर से रसगुल्ला बनाए जाने का मुद्दा भी उठाया। इस दौरान संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
