Connect with us

गाजीपुर

युसुफपुर में माता महाकाली का भव्य श्रृंगार, सामूहिक हवन-पूजन एवं भंडारा

Published

on

Loading...
Loading...

छप्पन भोग के साथ हुआ सामूहिक हवन-पूजन, भजन-कीर्तन और भोजपुरी पचरा से भक्तिमय हुआ माहौल

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। युसुफपुर स्थित माता महाकाली मंदिर परिसर में शनिवार, 27 सितंबर की रात माता महाकाली का भव्य श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंदिर परिसर में देर रात तक भक्तों की भीड़ बनी रही।

कार्यक्रम के दौरान माता रानी को विधि-विधान से छप्पन भोग अर्पित किया गया। विश्व कल्याण, सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना को लेकर श्रद्धालुओं ने सामूहिक हवन-पूजन किया। स्थानीय महिलाओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

स्थानीय लोकगीत कलाकारों की भजन-कीर्तन और भोजपुरी पचरा की प्रस्तुतियों ने भी श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्तिरस में सराबोर रखा। गायक सूरज अकेला, डॉ. अशोक शर्मा, गुड्डू शर्मा एवं हरि नारायण यादव ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।

Advertisement

धार्मिक आयोजन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। देर रात तक भंडारा चलता रहा। श्रद्धालुओं ने कहा कि माता महाकाली का यह दरबार क्षेत्र के लोगों के लिए लंबे समय से आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र रहा है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति और स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर मंदिर अध्यक्ष विनोद मद्धेशिया के अलावा राकेश प्रजापति, भरत शर्मा, दीपू गुप्ता, कृष्ण शर्मा, हिमांशु कुशवाहा, अंकित मद्धेशिया सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page