वाराणसी
नगर निगम की समस्याओं को लेकर कांग्रेस की बैठक, जलभराव और सीवर पर मंथन
राष्ट्रीय सचिव वरुण चौधरी ने पार्षदों और पार्षद पद के दावेदारों से ली वार्डवार समस्याओं की जानकारी
वाराणसी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी वरुण चौधरी ने रविवार को मैदागिन स्थित कांग्रेस कार्यालय में वाराणसी नगर निगम के कांग्रेस पार्षदों और पार्षद पद के दावेदारों के साथ बैठक की। बैठक की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने की। इसमें नगर निगम क्षेत्र की नागरिक समस्याओं को चिन्हित कर उन्हें संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाने की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक में वरुण चौधरी ने पार्षदों और पार्षद पद के दावेदारों से उनके-अपने वार्डों की स्थिति की जानकारी ली। जलभराव, सीवर, नालियों की सफाई, कूड़ा निस्तारण, जर्जर सड़कें, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि नगर निगम से संबंधित जनसमस्याओं को केवल बैठकों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें लगातार जनता के बीच उठाया जाए। पार्षदों और संगठन के नेताओं से अपने-अपने वार्डों में नियमित रूप से जनता के बीच जाकर स्थानीय समस्याओं की जानकारी लेने और संबंधित विभागों से उनके समाधान की मांग करने को कहा गया।

नगर निगम में भ्रष्टाचार और कथित अनियमितताओं के आरोपों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान कहा गया कि विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, सीवर और जल निकासी सहित अन्य कार्यों में यदि कोई अनियमितता सामने आती है तो उसे तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर सामने रखा जाना चाहिए तथा संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा जाना चाहिए।
बारिश के दौरान शहर के कई इलाकों में जलभराव और सीवर की समस्या को बैठक में विशेष रूप से उठाया गया। नेताओं ने कहा कि इससे आम नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाकर स्थायी समाधान की मांग करने पर जोर दिया गया।
वरुण चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के पार्षद और संगठन के नेता जनता के बीच लगातार सक्रिय रहें और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएं। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े सवालों को कांग्रेस लगातार उठाती रही है और जहां भी जनता को समस्या होगी, वहां संबंधित अधिकारियों तक उनकी बात पहुंचाई जाएगी।
बैठक में वार्ड स्तर पर जनसमस्याओं को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर उठाने तथा नगर निगम एवं संबंधित विभागों से समाधान के लिए कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर गुलशन अली, सीताराम केशरी, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, रमजान अली, वकील अंसारी, असलम खां, मयंक चौबे, संतोष चौरसिया, हाजी वोकाश, तुफैल अंसारी, बेलाल अहमद, चंचल शर्मा, पूनम विश्वकर्मा, अब्दुल हमीद डोडे, साजिद अंसारी, डाली अंसारी, विनय जायसवाल, विप्रोष शर्मा, अनिल पटेल सहित कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
