भदोही
जाम की समस्या के समाधान को लेकर एसपी ने की यातायात व्यवस्था की समीक्षा
संवेदनशील और व्यस्त स्थानों पर यातायात पुलिस की तैनाती के निर्देश, अवैध पार्किंग पर होगी कार्रवाई
भदोही। जिले में जाम की समस्या के प्रभावी समाधान और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी ने पुलिस लाइन ज्ञानपुर स्थित सभागार में यातायात व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर जाम की स्थिति, यातायात प्रबंधन, पुलिस बल की तैनाती तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने को लेकर चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जाम की समस्या वाले संवेदनशील और व्यस्त स्थानों को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाई जाए। बाजारों और प्रमुख मार्गों पर अनावश्यक वाहन पार्किंग तथा यातायात बाधित करने वाले कारणों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने और स्थानीय पुलिस व यातायात पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया। जाम की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए यातायात को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में क्षेत्राधिकारी औराई राजीव कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी भदोही सुमित त्रिपाठी, सभी थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी सहित यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
